22 जुलाई 2020 - 12:51
सऊदी किंग की बीमारी से सबसे अधिक इस्राईली चिंतित, यहूदी रबी ने सेहत के लिए दुआ की, वीडिया वायरल

अरब जगत में आजकल इस्राईल के एक रबी (यहूदी धर्मगुरु) का वीडियो ख़ूब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें सऊदी किंग सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ के अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआ करते हुए देखा जा सकता है।

सोमवार को 84 वर्षीय सऊदी किंग की हालत बिगड़ने के बाद, उन्हें रियाज़ के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था।

इस्राईली विदेश मंत्रालय से संबंधित फ़ेसबुक पेज "इस्राईल अरबी में बात करता है", पर एक यहूदी रबी का वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें अमरीकी-यहूदी संस्था में अंतरराष्ट्रीय विभाग के प्रमुख यहूदी धर्मगुरु डेविड रोज़ीन किंग सलमान के शीघ्र सेहतमंद होने की दुआ कर रहे हैं।

इस वीडियो फ़ुटेज में रोज़ीन अंग्रेज़ी भाषा में दुआ कर रहे हैं, जिसका अरबी भाषा में अनुवाद किया गया है।

यहूदी धर्मगुरु को कहते हुए सुना जा सकता है कि ईश्वर सऊदी किंग को पूर्ण रूप से स्वस्थ रखे और उन्हें लम्बी उम्र प्रदान करे, ताकि वे क्षेत्र और विश्व में शांति की स्थापना में अपनी भूमिका अदा करते रहें।

ग़ौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब और इस्राईल के बीच ख़ुफ़िया संबंध जारी हैं, जिन्हें अब सार्वजनिक करने की कोशिश की जा रही है।

हालांकि सऊदी अरब उन मुस्लिम देशों में से एक है, जिन्होंने अभी तक इस्राईल को मान्यता प्रदान नहीं की है। इसके बावजूद, सऊदी शासक इस्राईल के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं और ज़ायोनियों के हाथों फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों का सौदा कर रहे हैं।